ख़बरनामा : 30 अगस्त की कुछ खास खबरें….

खबरों का संसार अनंत है और हर खबर लगातार अपडेट भी होती रहती है, पर इनमें से सात रंग की युवा सहयोगी मेधा सिंह ने कुछ खबरें पाठकों के लिए निकाली हैं जो आपको जाननी चाहिए

रसोई गैस के दाम कम करने से बड़ी राहत, चुनावी फैसले से विपक्ष को मिला मुद्दा

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 200 रूपए घटाए जाने के मोदी सरकार के फैसले को विपक्ष चुनाव से जोड़ कर देख रहा है। मंगलवार को आए इस फैसले को प्रधानमंत्री मोदी ने बेशक ओणम और रक्षाबंधन के तोहफे के तौर पर पेश किया है, लेकिन विपक्ष का कहना है कि पिछले नौ सालों में रक्षाबंधन या ओणम पर ऐसा कोई तोहफा क्यों नहीं दिया गया और सरकार को इसकी याद चुनाव करीब आते ही कैसे आ गई।

उज्जवला योजना के तहत घरेलू एलपीजी सिलेंडर में लोगों को अब 400 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। लोगों को पहले से इस योजना के तहत 200 रुपए की सब्सिडी मिलती थी। यह फैसला आज से ही लागू हो गया है। आज से दिल्ली में 14.2 केजी सिलेंडर की कीमत 1103 से घट कर 903 रुपए हो गई है। वहीं उज्जवला योजना के लाभार्थियों के लिए यह 703 रुपए हो गई है। 2019 के चुनाव में उज्जवला योजना सरकार के लिए चुनाव में बहुत प्रभावशाली मानी गई थी। बीते कई दिनों से सरकार को महंगाई के सवाल पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। विपक्ष का कहना है कि I.N.D.I.A. की दो बैठकों से बीजेपी घबरा गई है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में चुनाव से पूर्व वादा किया है कि उनकी सरकार आई तो वह पांच सौ रुपए में एलपीजी सिलेंडर देंगे। यही वादा राजस्थान में भी किया गया है। बीजेपी सरकार उज्जवला योजना के तहत 75 लाख लाभार्थियों को नए एलपीजी कनेक्शन देगी।

चंद्रयान ने खोले चांद के और कई राज, दक्षिणी ध्रुप पर कई तत्वों का पता चला

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने मंगलवार को बता कि प्रज्ञान रोवर ने चांद के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर तत्वों का पता लगा लिया है। प्रज्ञान रोवर ने चांद की सतह पर अपने पेलोड LIBS की मदद से ऑक्सिजन ,एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटेनियम की पुष्टि की है। यह भारत का पहला इन-सीटू मिशन है। हालांकि अभी यह पता लगाना बाकी है कि यह तत्व चांद पर कितने प्रतिशत मौजूद हैं।

प्रज्ञान रोवर में दो पेलोड्स लगे हैं – लेजर इंड्यूस्ड ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोप (LIBS ) और अल्फा पार्टिकल X-ray स्पेक्ट्रोमीटर (APXS)। LIBS ने अपना काम कर दिया है अब APXS को रसायनों की मात्रा और गुणवत्ता का अध्ययन करना है। इसके पहले विक्रम लैंडर ने अपने में लगे “चास्ते” पेलोड से चांद की सतह का तापमान और सतह से 10 सेंटीमीटर नीचे का तापमान नापा था। चांद की सतह पर 50 -60 डिग्री सेल्सियस तापमान है तो सतह से दस सेंटीमेंटर नीचे -10 डिग्री सेल्सियस तापमान है। क्या ऐसे सतह पर रहना हमारे लिए संभव है जहां पृथ्वी से उलट तापमान हो। वैज्ञानिकों की खोज जारी है। चंद्रयान -3 रोज चांद के दक्षिणी ध्रुव की कोई न कोई नई जानकारी दे रहा है।

सुप्रीम कोर्ट का केंद्र से सवाल- जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा कब मिलेगा…कब होंगे चुनाव?

सुप्रीम कोर्ट की पांच न्यायाधीशों की संविधानपीठ ने मंगलवार को अनुच्छेद 370 के खिलाफ की गई याचिकाओं पर सुनवाई की। बारहवें दिन की सुनवाई में कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा कि जम्मू कश्मीर में चुनाव कब होंगे। साथ ही कोर्ट ने यह भी पूछा कि जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा कब मिलेगा। जनरल सॉलिसिटर तुषार मेहता ने सरकार के पक्ष से कहा कि जम्मू कश्मीर का केंद्र शासित प्रदेश का दर्ज़ा स्थाई नहीं है। जब हालात सामान्य हो जायेंगे तब जम्मू कश्मीर को राज्य बनाया जायेगा।

31 अगस्त को सरकार इस पर विस्तृत जवाब देगी। उन्होंने साथ में यह भी साफ कर दिया कि लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश बना रहेगा। मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने कहा कि केंद्र सरकार को आधिकारिक तौर पर बताना पड़ेगा जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा कब तक मिलेगा क्योंकि वहां लोकतंत्र की बहाली महत्वपूर्ण है। कोर्ट ने मौखिक तौर पर बोला कि जम्मू कश्मीर स्थायी तौर पर केंद्र शासित प्रदेश नही हो सकता है।

माइनोरिटी स्कॉलरशिप स्कीम में 144 करोड़ की बड़ी धांधली, CBI ने दर्ज किया FIR

अल्पसंख्यक मंत्रालय ने हाल ही में 21 राज्यों में अल्पसंख्यक स्कॉलरशिप में हो रहे घपले को पकड़ा है।CBI जांच में पाया गया कि 1572 संस्थानों में से 830 संस्थान फर्जी हैं पर सरकार से स्कॉलरशिप के पैसे ले रहे हैं। FIR में आपराधिक साजिश,धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके स्कॉलरशिप लेना शामिल हैं। 2017 से 2022 तक अल्पसंख्यक मंत्रालय को 144 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है।

फर्जी संस्थानों की सबसे ज्यादा तादाद असम, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में है। पांच सालों में 65 लाख अभ्यर्थियों को यह स्कॉलरशिप मिली थी जिसमें से 53 फीसदी अभ्यर्थी फर्जी निकले हैं। FIR बैंको, संस्थानों और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ की गई है। सूत्रों के मुताबिक घोटाले में राज्य सरकार के अधिकारी भी शामिल हैं इनकी मिलीभगत के बिना घोटाला संभव नहीं है क्योंकि स्कॉलरशिप की रकम सीधे छात्रों के बैंक अकाउंट में जाती है। 2016 में डिजिटलाइजेशन के बाद से घोटाले की परतें खुलना शुरू हुईं। ऐसे में यह एक बड़ा सवाल है कि सरकार आगे ऐसे भ्रष्टाचार को कैसे रोकेगी। जिन छात्रों को वाकई स्कॉलरशिप की जरूरत है क्या उन पर भी इस घोटाले के वजह से असर पड़ा है। इस घोटाले में शामिल अधिकारियों का पर्दाफाश होना भी अभी बाकी है।

मणिपुर हिंसा:दो समूहों के बीच हुई फायरिंग, विधानसभा का एक दिन का सत्र भी स्थगित।

मणिपुर में 29 अगस्त की सुबह विष्णुपुर जिले के खाईरेंटक गांव में बदमाशो ने कुकी गांव के लोगों पर हमला कर दिया। गांववालों ने भी जवाब में हमला कर दिया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। सात लोग गोली लगने के कारण घायल हो गए हैं। मरने वालो में एक शख्स की शिनाख्त 30 वर्षीय जांगमिनलुन गंगटे के तौर पर हुई है।

सुबह साढ़े छह बजे से चल रही मुठभेड़ देर रात तक चलती रही।केंद्रीय सुरक्षा बलों और सेना हिंसा रोकने पहुंचे। उन्होंने एक संदिग्ध हमलावर को भी पकड़ा है। इंफाल पूर्व और विष्णुपुर जिले से हथियारों और गोले बारूद से लैस चार आतंकवादियों को अलग अलग ऑपरेशन में पकड़ा गया है। वहीं मणिपुर में एक घंटे के अंदर एक दिन का विधानसभा सत्र कांग्रेस विधायकों के हंगामे के कारण अनिश्चित काल के लिए स्थगित करना पड़ा। विपक्ष ने कहा मणिपुर हिंसा के लिए एक दिन का सत्र काफी नहीं है इसे तकरीबन पांच दिनों तक और बढ़ाना चाहिए।

Posted Date:

August 30, 2023

1:00 pm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2023 @ Vaidehi Media- All rights reserved. Managed by iPistis