कांग्रेस की नई टीम, खरगे ने ‘सबको’ किया खुश

नई दिल्ली।

पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के दिवंगत नेता राजीव गांधी को याद करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी को नया रूप देने की कोशिश की है। नई कार्यकारिणी और कार्यसमिति की घोषणा करते हुए खरगे ने अगले चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की नई टीम बना दी है। कांग्रेस की नई वर्किंग कमेटी की लिस्ट जारी कर दी गई है जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कुल 39 सदस्यों को शामिल किया गया है। खरगे के अध्यक्ष बनने से पहले तक पार्टी आलाकमान से नाराज चल रहे आनंद शर्मा और शशि थरूर को भी कार्य समिति में जगह मिली है। नई  सीडब्ल्यूसी के गठन को लेकर काफी दिनों से मांग उठ रही थी और पार्टी में संगठनात्मक फेरबदल के साथ ही नए कलेवर में पार्टी का चेहरा पेश किए जाने का इंतजार था।

सीडब्ल्यूसी में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, एके एंटनी, अंबिका सोनी, अधीर रंजन चौधरी, दिग्विजय सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, आनंद शर्मा, समेत कुल 39 नेता शामिल हैं। इसके अलावा 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य, 9 विशेष आमंत्रित सदस्य, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवा दल के अध्यक्षों को भी इसमें जगह दी गई है।

कांग्रेस की वर्किंग कमेटी में सचिन पायलट, शशि थरूर, अशोक चव्हाण, दीपक बावरिया के रूप में नए नाम सामने आए हैं। गौरव गोगोई, नासिर हुसैन, दीपा दास मुंशी को भी सीडब्ल्यूसी में शामिल किया गया है। विशेष आमंत्रित सदस्यों में पवन खेड़ा, सुप्रिया श्रीनेत और अलका लांबा शामिल हैं.

माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तमाम ऐसे नाराज़ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां देने के साथ उन्हें पार्टी में पूरी इज्जत के साथ भरोसा जताए रखने का संदेश दिया है। इनमें सबसे अहम नाम सचिन पायलट का है। साथ ही पंचाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कुछ अनुभवी और वरिष्ठ नेताओं के साथ कुछ नए नामों के साथ अब आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में पार्टी जुटने को तैयार है।

Posted Date:

August 20, 2023

6:02 pm Tags: , , ,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2023 @ Vaidehi Media- All rights reserved. Managed by iPistis